छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग यानी CGPSC की सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के रिजल्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। अभ्यर्थियों के नामों पर उठे सवालों के बीच BJP ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है, जबकि CGPSC पहले ही इस मामले में अपना स्पष्टीकरण जारी कर चुका है।
CGPSC की सब-इंस्पेक्टर, सूबेदार और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम में कुछ अभ्यर्थियों के नाम चर्चा का विषय बन गए। सूची में NEWS, SPACERANI, HE RAM, BHAKT PRAHLAD और TUFAIL जैसे नाम सामने आने के बाद कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।
विवाद बढ़ने के बाद CGPSC ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि परिणाम में प्रकाशित सभी नाम वही हैं, जो अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन के समय स्वयं दर्ज किए थे। आयोग के मुताबिक, इन्हीं नामों के आधार पर प्रवेश पत्र जारी हुए और दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षा तथा पूरी चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। आयोग ने सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक दावों का भी खंडन किया।
इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक कार्टून पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधा। BJP का आरोप है कि कांग्रेस ने चयनित अभ्यर्थियों के नामों को लेकर भ्रम फैलाने और फेक नैरेटिव बनाने की कोशिश की। पार्टी ने यह भी दावा किया कि संबंधित अभ्यर्थी स्वयं सामने आकर अपने नामों की पुष्टि कर चुके हैं।
अब यह मामला भर्ती प्रक्रिया से आगे बढ़कर राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। एक ओर आयोग अपने स्पष्टीकरण पर कायम है, तो दूसरी ओर इसे लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।










