Rajgarh News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया. पड़ाना के पास झिरी नाले में तेज बहाव के दौरान यात्रियों से भरी एक ईको कार बह गई. कार में देवास जिले के सतवास क्षेत्र के 11 लोग सवार थे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया. अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 2 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
चालक की लापरवाही ने ली जान
बताया जा रहा कि सोमवार रात से ही राजगढ़ क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही थी. पड़ाना बायपास पुलिया के पास झिरी नाले में बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था. पुलिया और नाले के पास मौजूद ग्रामीणों ने ईको कार के चालक को पानी के बीच से वाहन नहीं निकालने की सलाह दी थी.
ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद चालक ने कार को पानी के तेज बहाव के बीच से निकालने का प्रयास किया. कुछ ही देर में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि ईको कार अपना संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते नाले में बह गई.
देखते ही देखते पानी में समा गई कार
ईको कार के नाले में बहते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कार में सवार लोगों को बचाने के लिए आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. तेज बहाव के बावजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और रस्सियों के सहारे बचाव अभियान शुरू किया. ग्रामीणों की मदद से कार में सवार दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, बाकी यात्री तेज बहाव में बह गए. हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
9 शव बरामद, 2 लोग बचाए गए
प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 9 शव बरामद कर लिए हैं. वहीं, दो अन्य लोगों को बचा लिया गया है. ईको कार में कुल 11 लोग सवार थे. लगातार बारिश और नाले के तेज बहाव के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं. रेस्क्यू टीम आसपास के इलाके और नाले में संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही है. हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है.
चालक की लापरवाही पर उठ रहे सवाल
हादसे के बाद वाहन चालक के फैसले पर भी सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा कि मौके पर मौजूद लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए चालक को आगे जाने से मना किया था. इसके बावजूद कार को पानी के बीच ले जाने की कोशिश की गई. अगर चालक ग्रामीणों की चेतावनी मान लेता तो शायद यह हादसा टल सकता था. फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं.
लगातार बारिश से बिगड़े हालात
राजगढ़ जिले में सोमवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से पानी के तेज बहाव वाले रास्तों और पुल-पुलियाओं को पार नहीं करने की अपील की है. सारंगपुर एसडीएम रोहित बमौरे ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के बाद से ही राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया. कार में कुल 11 लोग सवार थे, जिसमें 9 लोगों का शव बरामद हुई है. वहीं दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. नाले से ईको कार को भी निकाल लिया गया है. पुलिस हादसे की जांच-पड़ताल में जुटी है.










