धमतरी। महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ बाइक राइड पर निकली 23 युवतियों के समूह में शामिल 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर की धमतरी जिले की जगतरा घाटी में सड़क हादसे में मौत हो गई। रिद्धि मुंबई के कांदिवली वेस्ट की रहने वाली थीं और बाइक राइडिंग की शौकीन थीं। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बाइक राइडिंग के इस समूह में करीब 20 बाइक और एक कार शामिल थी। सभी रायपुर से बस्तर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जगतरा घाटी के घुमावदार मार्ग पर रिद्धि हादसे का शिकार हो गईं।
गंभीर चोटों के चलते गई जान
बताया जा रहा है कि हादसा काफी गंभीर था और रिद्धि को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद साथी बाइक राइडर्स ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कुछ घंटे पहले ही रिद्धि ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की थी, जिसमें उन्होंने “Let’s Explore Bastar” लिखा था। बस्तर घूमने और बाइक राइडिंग के उत्साह के बीच हुए हादसे ने पूरे समूह को सदमे में डाल दिया।
ट्रेलर के पहिए की चपेट में आने की बात
घटना की जानकारी मिलने के बाद धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उन्हें मुंबई के कांदिवली वेस्ट निवासी रिद्धि के हादसे की सूचना मिली थी और मदद की जरूरत बताई गई थी।
महापौर के अनुसार, घायल रिद्धि को अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि युवती के किसी ट्रेलर के पहिए की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है।
दूसरे राज्य की निवासी होने के कारण रिद्धि के परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फरार वाहन चालक की तलाश में पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिद्धि का शव जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
हादसे के बाद संबंधित वाहन चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस अब अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
जगतरा घाटी का घुमावदार रास्ता बना चिंता का कारण
जगतरा घाटी के घुमावदार मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी और घाटी वाले रास्तों पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक राइडर्स के समूह के साथ हुए इस हादसे ने यात्रा के उत्साह को मातम में बदल दिया।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।










