Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

50 डिसमिल जमीन के विवाद में दंपति की हत्या, सगा भाई निकला मुख्य आरोपी; कुदरी से किया हमला

लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में हुए दंपति के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में मृतक नंदकुमार कश्यप का सगा भाई नंदु कश्यप ही हत्याकांड का मुख्य आरोपी निकला। दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन के 50 डिसमिल हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद और रंजिश चल रही थी।

रात में घर में घुसकर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते आरोपी नंदु कश्यप 19 अगस्त की रात लोहे की कुदरी लेकर अपने भाई के घर में घुसा। उस वक्त नंदकुमार घर में सो रहा था। आरोपी ने सोते समय उस पर हमला कर दिया।

हमले की आवाज सुनकर नंदकुमार की पत्नी गौरीबाई जाग गईं। उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने गौरीबाई पर भी हमला कर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस को गुमराह करने की रची साजिश

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने घर के कमरे और अलमारी खोल दिए, ताकि घटना चोरी के इरादे से हुई हत्या जैसी लगे। इसके बाद घर में ताला लगाकर आरोपी मौके से निकल गया।

पुलिस के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल लोहे की कुदरी को आरोपी ने ट्यूबवेल में छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

दोहरे हत्याकांड की जांच के दौरान लोरमी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में नंदु कश्यप की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की कुदरी बरामद कर ली है। आरोपी नंदु कश्यप की उम्र 46 वर्ष बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पैतृक जमीन के महज 50 डिसमिल हिस्से को लेकर चली पुरानी रंजिश ने आखिरकार दो लोगों की जान ले ली।

Related Posts

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले की गाड़ी पर गिरा टोल बैरियर, कर्मचारी से मारपीट का वीडियो वायरल

रायपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 स्थित लहपटरा टोल प्लाजा में…

छत्तीसगढ़ में फिर कोरोना की दस्तक, रायपुर और राजनांदगांव में मिले संक्रमित मरीज; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य…

1 of 462