Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रायपुर पहुंचे, AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार, 2 सितंबर को विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। रायपुर पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना हुए, जहां वे संस्थान के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति करीब 10:45 बजे AIIMS रायपुर परिसर पहुंचे। इसके बाद सुबह 11 बजे से तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, AIIMS अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, AIIMS गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक, AIIMS भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल और केंद्र के PMSSY डायरेक्टर सचिन कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

दोपहर में दिल्ली के लिए रवाना होंगे उपराष्ट्रपति

दीक्षांत समारोह समाप्त होने के बाद उपराष्ट्रपति करीब 12:30 बजे AIIMS से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद लगभग 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

रिंग रोड से टाटीबंध तक सुरक्षा कड़ी

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेडिंग की गई है। VIP मूवमेंट को देखते हुए यातायात और प्रवेश व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और श्यामबिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा, प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, रायपुर महापौर मीनल चौबे, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणीग्रही और सत्कार विभाग के प्रदेश संयोजक आकाश विग सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उपराष्ट्रपति का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

AIIMS में मरीजों की आवाजाही के लिए बदली व्यवस्था

VIP दौरे को देखते हुए 2 सितंबर को AIIMS रायपुर में आम नागरिकों के प्रवेश की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नियमित OPD में आने वाले मरीज और उनके परिजन गेट नंबर-1 से प्रवेश कर सकेंगे। OPD के लिए गेट नंबर-3 से भी आवाजाही की सुविधा रहेगी।

वहीं ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए गेट नंबर-2 का इस्तेमाल पहले की तरह जारी रहेगा। रजिस्ट्रेशन काउंटर तक पहुंचने वाला गेट नंबर-4 सुबह से बंद रहेगा। इसी तरह गेट नंबर-5 भी आम लोगों के लिए बंद रखा जाएगा।

गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था होने के कारण OPD रजिस्ट्रेशन तक पहुंचने के लिए मरीजों और उनके परिजनों को कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ सकती है। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों से बदली हुई प्रवेश व्यवस्था के अनुसार सहयोग करने की अपील की है।

Related Posts

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले की गाड़ी पर गिरा टोल बैरियर, कर्मचारी से मारपीट का वीडियो वायरल

रायपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 स्थित लहपटरा टोल प्लाजा में…

छत्तीसगढ़ में फिर कोरोना की दस्तक, रायपुर और राजनांदगांव में मिले संक्रमित मरीज; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य…

1 of 462