रायपुर में गणेशोत्सव के बीच भारी वाहनों को लेकर बड़ा अपडेट! अगर आप ट्रक या भारी वाहन लेकर शहर में आने वाले हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रायपुर प्रशासन ने भारी वाहनों के शहर में प्रवेश का समय तय कर दिया है। आदेश के मुताबिक, भारी वाहन रात 2 बजे के बाद ही शहर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं, हल्के भारी वाहनों को रात 11 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति होगी। दरअसल, गणेशोत्सव के दौरान शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु निकलते हैं। कई जगह प्रतिमा स्थापना और विसर्जन के कार्यक्रम भी होते हैं। ऐसे में ट्रैफिक का दबाव कम रखने के लिए ये व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित समय का पालन करने की अपील की है, ताकि बप्पा का उत्सव भी धूमधाम से हो और शहर का ट्रैफिक भी सुचारु बना रहे।









