बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद कार सवार दोनों लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
डौंडीलोहारा की ओर से आ रही थी कार
मिली जानकारी के अनुसार, पवन सोनकर अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु और 12 वर्षीय भतीजे नमन के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चली गई और बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को राजनांदगांव रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान 3 वर्षीय हिमांशु और 12 वर्षीय नमन की मौत हो गई।
वहीं, पवन सोनकर का उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार छोड़कर फरार हुए चालक और उसका साथी
हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया।
पुलिस ने फरार कार चालक और उसके साथी की पहचान करने के साथ ही उनकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।









