बालोद (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने हसिए से अपनी गर्दन काट ली और खून से लथपथ हालत में पूरे गांव में घूमता रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला सनौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेलोदी गांव का है।
युवक सुबह अपने घर से निकला और बेलोदी गांव पहुंचकर किसी बात पर या मानसिक तनाव में हसिए से खुद का गला रेत लिया। इसके बाद वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पूरे गांव में घूमता रहा। सूचना मिलते ही हल्दी चौकी प्रभारी लता तिवारी अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभालते हुए घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों के अनुसार, नरेंद्र पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान चल रहा था और अक्सर यह बात कहता था कि “कोई उसे मारने आ रहा है।” इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक किसी मानसिक तनाव या भ्रम का शिकार था। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस सनसनीखेज घटना के असली कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
नोट: ऐसी घटनाएं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और काउंसलिंग की गंभीरता को रेखांकित करती हैं। यदि आपके आसपास या परिवार में कोई व्यक्ति अत्यधिक तनाव या मानसिक परेशानी से जूझ रहा है, तो तुरंत डॉक्टर या काउंसलर की मदद लें।









