कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा के पास पिकअप और ऑटो के बीच जोरदार भिड़ंत में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 महिलाएं घायल हुई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी लोग बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे।
इसी दौरान ग्राम सांवारावा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गए।
अस्पताल में 3 महिलाओं को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में घायल 6 महिलाओं का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिकअप चालक फरार
दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के कारणों और वाहन की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में मृत महिलाओं की पहचान और दुर्घटना से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।










