Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में सड़क-पुल निर्माण को रफ्तार, 672 करोड़ के 24 कार्यों की निविदा मंजूर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण व उन्नयन का काम अब तेज होगा। राज्य सरकार ने 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए की लागत वाले 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कों और पुलों के निर्माण के साथ मौजूदा सड़कों का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, उन्नयन, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण शामिल है।

लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना मजबूत होगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

मुख्यमंत्री बोले- विकास की प्राथमिकता में मजबूत सड़क-पुल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मजबूत सड़क और पुल अधोसंरचना का निर्माण राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों को जोड़ने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाती हैं।

सरकार के मुताबिक, परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन सुगम होने के साथ व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

24 बड़े कार्यों को मिली मंजूरी

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। विभाग ने प्रदेशभर में 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। अधिकारियों को बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

धमतरी में कई प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण

धमतरी जिले में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें—

  • मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया-राष्ट्रीय राजमार्ग-30 मार्ग के 3.75 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14.45 करोड़ रुपए।
  • पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13.32 करोड़ रुपए।
  • 9 किलोमीटर छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के लिए 23.12 करोड़ रुपए।
  • 10 किलोमीटर अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के लिए 19.42 करोड़ रुपए।
  • राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 11.70 करोड़ रुपए।

की निविदाओं को मंजूरी दी गई है।

अरपा और खारुन नदी पर बनेंगे हाई लेवल ब्रिज

बिलासपुर जिले में लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग पर अरपा नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 17.63 करोड़ रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

इसी तरह चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारुन नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए 7.68 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इन पुलों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन और स्थानीय कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

तीन प्रमुख सड़कों का होगा उन्नयन

लोक निर्माण विभाग ने सड़क उन्नयन के तीन कार्यों के लिए कुल 78.96 करोड़ रुपए की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का 18 किलोमीटर परसवार-चलगली मार्ग, रायपुर में अभनपुर के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से का फोरलेन उन्नयन और रायगढ़ में 12.30 किलोमीटर कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ सड़क का उन्नयन शामिल है।

इन कार्यों पर क्रमशः करीब 37.37 करोड़, 17.32 करोड़ और 24.26 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव में नई सड़कें

दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक पुल-पुलियों सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए 28.02 करोड़ रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

धमतरी जिले के आमदी नगर पंचायत में राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग पर 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 19.26 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46.22 करोड़ रुपए की निविदा को स्वीकृति दी गई है।

कई जिलों में सड़क और पुल परियोजनाओं को मंजूरी

इसके अलावा बिलासपुर में 17.61 किलोमीटर झाल-नगपुरा मार्ग के लिए 29.91 करोड़ रुपए, महासमुंद में पुल-पुलियों सहित 6.50 किलोमीटर सल्डीह-बहादुरपुर मुख्य जिला मार्ग के लिए 11.27 करोड़ रुपए, बलरामपुर-रामानुजगंज में 7.60 किलोमीटर सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क के लिए करीब 14 करोड़ रुपए और रायगढ़ में 3.40 किलोमीटर उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के लिए 13.74 करोड़ रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

राज्य सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं के जरिए सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ दूरदराज के क्षेत्रों में आवागमन और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Posts

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 13 डॉक्टरों को अतिरिक्त स्टडी लीव देने से इनकार, याचिकाएं खारिज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पीजी की पढ़ाई के लिए पहले ही दो साल की स्टडी लीव…

छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर कलाकार को मिला कॉपीराइट, तीन साल की जद्दोजहद के बाद हासिल हुआ अधिकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव का प्रतीक बन चुकी ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ की…

1 of 477