बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बिजली के तारों से आग निकलती और घर की बालकनी तक फैलती दिखाई दे रही है।
जाला साफ करते समय करंट की चपेट में आए पिता
जानकारी के मुताबिक, घटना नेहरू चौक की है। यहां राकेश गुप्ता के घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि बिजली का तार घर से महज पांच फीट की दूरी पर है।
शुक्रवार सुबह राकेश गुप्ता घर में जाला साफ कर रहे थे। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।
पिता-पुत्र की मौत, महिला रायपुर रेफर
इस हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसी वर्षा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सामने आया हादसे का खौफनाक VIDEO
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वीडियो में हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट के बाद तेज आग और चिंगारियां निकलती दिखाई दे रही हैं। आग घर की बालकनी तक फैलती नजर आ रही है। आसपास मौजूद लोग इस खौफनाक मंजर को देखकर सहम गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और घर के इतने करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी, इसकी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद बिजली लाइन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।










