रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा खोलते हुए ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और विशाल रैली का आयोजन किया। सुभाष स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा ने 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम नागरिकों के शामिल होने का दावा किया। रैली को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया गया।
सत्ता की चाह में कांग्रेस देश का विरोध कर रही : CM साय
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने और सत्ता हासिल करने की चाह में विपक्षी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं।
सीएम साय ने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता द्वारा चुनी गई सरकार को अस्थिर करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर चुनाव में हार के बाद ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने तथा जीत मिलने पर उन्हीं संस्थाओं को स्वीकार करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी राजनीति बताया।
नेहरू के प्रधानमंत्री बनने के प्रसंग का किया जिक्र
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आजादी के बाद प्रधानमंत्री के चयन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंग का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 12 नेता सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में थे, जबकि जवाहरलाल नेहरू के समर्थन में कोई नेता नहीं था। इसके बावजूद नेहरू प्रधानमंत्री बने।
सीएम ने इस प्रसंग के जरिए कांग्रेस पर लोकतंत्र और जनमत को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिलों में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा आयोजित की जा रही है।
148 करोड़ जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए सजग : किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि यह पदयात्रा केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए चलाया जा रहा अभियान है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश में शासन करने वाला दल अब कुछ ही राज्यों तक सीमित रह गया है। किरण देव ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं और देश की जनता संविधान तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सजग है।
उन्होंने भी चुनाव में हार के बाद ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस की आलोचना की।
भारत को अस्थिर करने की कोशिश सफल नहीं होगी : बृजमोहन अग्रवाल
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कुछ तत्व दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशों में बैठे कुछ समूहों और नेताओं की ओर से भारत को नेपाल और बांग्लादेश जैसा बनाने की धमकियां दी जा रही हैं।
अग्रवाल ने कहा कि देश की जनता ऐसी अराजक सोच को स्वीकार नहीं करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार समर्थन दे रही है।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
रैली का आयोजन भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू और सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
रैली के जरिए भाजपा नेताओं ने प्रदेश के सभी जिलों में लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर अपना राजनीतिक संदेश देने की बात कही।









