रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद कांग्रेस नेता और पार्टी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी और जेल में बंद रखे जाने को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं और सरकार ने उन्हें गलत तरीके से जेल में बंद कर रखा है। मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
शराब घोटाले में मिली जमानत, फिर भी जेल में रहेंगे रामगोपाल
गौरतलब है कि शराब घोटाला मामले में 5 नवंबर को बिलासपुर हाई कोर्ट से रामगोपाल अग्रवाल को जमानत मिल चुकी है। हालांकि, कोल घोटाले समेत अन्य मामलों में आरोपी होने के कारण उन्हें फिलहाल जेल में ही रहना होगा। अन्य मामलों में जमानत नहीं मिलने के चलते उनकी रिहाई अटकी हुई है।
6 मामलों में आरोपी, 2 में मिली जमानत
रामगोपाल अग्रवाल के बचाव पक्ष के अधिवक्ता फैजल रिजवी के मुताबिक, उनके खिलाफ कुल 6 मामले दर्ज हैं। इनमें से 2 मामलों में जमानत मिल चुकी है, जबकि 4 मामले अभी लंबित हैं। इन चारों मामलों में जमानत मिलने के बाद ही उनकी जेल से रिहाई संभव हो सकेगी।
वकील ने लगाया राजनीतिक कार्रवाई का आरोप
बचाव पक्ष के अधिवक्ता फैजल रिजवी का दावा है कि रामगोपाल अग्रवाल का नाम किसी भी FIR में दर्ज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पहले से अपराधी एक आरोपी के बयान के आधार पर मामले में फंसाया गया है। रिजवी ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए कहा कि कांग्रेस का कोषाध्यक्ष होने के कारण रामगोपाल अग्रवाल को निशाना बनाया जा रहा है।
फिलहाल रामगोपाल अग्रवाल को अन्य मामलों में जमानत मिलने का इंतजार है।










