Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: तेज रफ्तार डंपर का कहर, बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल; आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला और स्थानीय लोगों व कांग्रेसी नेताओं ने पूर्व विधायक के साथ मिलकर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार ग्राम लोईंग निवासी केशव मेहर अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से इंदिरा नगर से सर्किट हाउस रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान नगर सेना कार्यालय के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि केशव मेहर के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा और घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया।

घटना से नाराज स्थानीय लोग और कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर ब्रेकर निर्माण, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने का प्रयास किया, जिसके बाद काफी देर में जाम समाप्त हो सका।

फिलहाल पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार भारी वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Posts

1 of 247