Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CGMSC घोटाला: ईडी की जांच का बढ़ा दायरा, मास्टरमाइंड शशांक चोपड़ा के खुलासे से 6 कारोबारी रडार पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (CGMSC) में हुए 660 करोड़ रुपये के दवा और मेडिकल उपकरण (रीएजेंट) खरीदी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपना शिकंजा और कस दिया है। मुख्य आरोपी और मोक्षित कॉर्पोरेशन के संचालक शशांक चोपड़ा से रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के बाद अब जांच की आंच छह अन्य बड़े कारोबारियों और सहयोगियों तक पहुँच गई है।

शशांक चोपड़ा के खुलासे से मची खलबली

ईडी की रिमांड पर चल रहे शशांक चोपड़ा से एजेंसी ने टेंडर प्रक्रिया, फर्जी सप्लाई, कमीशन के नेटवर्क और काले धन के निवेश को लेकर कड़ी पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक, शशांक ने घोटाले के ‘फाइनेंशियल चैनल’ और उन लोगों के नाम उगले हैं, जिन्होंने इस भ्रष्टाचार को अंजाम देने में मदद की थी। इन खुलासों के बाद माना जा रहा है कि ईडी जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां कर सकती है।

जेल में बंद अधिकारियों से मिलीभगत का कबूलनामा

जांच में यह बात सामने आई है कि सीजीएमएससी के अधिकारियों डॉ. अनिल परसाई, दीपक कुमार बांधे, बसंत कुमार कौशिक, कमलकांत पाटनवार और क्षिरोद रौतिया ने शशांक को नियम विरुद्ध जाकर संरक्षण दिया था। शशांक ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि इन अधिकारियों की मिलीभगत से ही घोटाले को अंजाम दिया गया। ये सभी अधिकारी फिलहाल रायपुर जेल में बंद हैं।

सिर्फ 27 दिनों में 750 करोड़ की खरीदी

यह घोटाला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि तत्कालीन आईएएस और आईएफएस अधिकारियों ने सप्लायर्स के साथ मिलकर महज 27 दिनों के भीतर 750 करोड़ रुपये की दवाइयों और उपकरणों की खरीदी कर डाली थी। इस जल्दबाजी और भ्रष्टाचार की वजह से सरकारी खजाने पर करोड़ों रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा। जांच के घेरे में सीजीएमएससी के तीन तत्कालीन आईएएस अफसर भी शामिल हैं।

आज कोर्ट में पेशी

शशांक चोपड़ा की 5 दिनों की रिमांड आज (सोमवार, 19 जनवरी) समाप्त हो रही है। ईडी के अधिकारी उसे दोपहर 3 बजे विशेष अदालत में पेश करेंगे। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ लगभग पूरी हो चुकी है, इसलिए एजेंसी दोबारा रिमांड की मांग करने के बजाय उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की सिफारिश कर सकती है।


Related Posts

बिलासपुर: सिंगल यूज प्लास्टिक पर हाईकोर्ट की सख्त निगरानी, प्रदेशभर में जारी रहेगा अभियान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के इस्तेमाल को…

1 of 459