Trendingदेशबड़ी खबर

प्रेम प्रसंग में बाबा ने कराई शख्स की हत्या? महिला से संबंध का विरोध कर रहा था पति का भाई

उत्तर कन्नड़ (कर्नाटक)। जिले के सिद्दापुरा टाउन में हुए सनसनीखेज मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रसिद्ध ज्योतिषी कमलाकर गुरु, एक महिला सुचित्रा सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हत्या 2 फरवरी को हुई थी, जब वसंत नायक नामक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

पारिवारिक विवाद से शुरू हुई कहानी

पुलिस के अनुसार मृतक वसंत नायक के छोटे भाई महेश नायक की शादी कुछ वर्ष पहले सुचित्रा से हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है। कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सुचित्रा पति को छोड़कर शिवमोग्गा में ज्योतिषी कमलाकर गुरु के साथ रहने लगी। महेश के परिवार ने आरोप लगाया है कि सुचित्रा और कमलाकर गुरु के बीच अवैध संबंध थे, जिसके चलते दांपत्य जीवन टूट गया।

बेटी को लेकर बढ़ा विवाद

महेश और सुचित्रा की बेटी भी अपनी मां के साथ रह रही थी, लेकिन बच्ची ने मां और कमलाकर गुरु पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पिता के साथ रहने की इच्छा जताई। मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद शिवमोग्गा में नियमों के तहत बच्ची की काउंसिलिंग कराई गई। बच्ची के पिता के साथ रहने पर अड़े रहने के बाद 1 फरवरी को महेश उसे अपने साथ सिद्दापुरा, अपने भाई वसंत के घर ले आया।

समर्थकों के साथ पहुंचे आरोपी, हुआ हिंसक विवाद

2 फरवरी को सुचित्रा, ज्योतिषी कमलाकर गुरु, सुचित्रा के पिता लोकनाथ और चार अन्य लोग वसंत नायक के घर पहुंचे। उन्होंने बच्ची को वापस भेजने को लेकर विवाद किया। इस दौरान वसंत नायक, महेश और उनके दोस्त कुमार ने विरोध किया। विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर महेश पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन चाकू वसंत नायक को लग गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

गंभीर रूप से घायल वसंत नायक को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वसंत के घर के पास ही एक पुलिसकर्मी का निवास था, जिसकी सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

ज्योतिषी समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में महेश की पत्नी सुचित्रा, उसके पिता लोकनाथ, ज्योतिषी कमलाकर गुरु और चार अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

Related Posts

1 of 178