Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

दुर्ग के समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती का खुलासा, भाजपा नेता सहित दो हिरासत में

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार और विकास विश्नोई नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मक्के की फसल के बीच छिपाई गई थी अफीम की खेती
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह जमीन मधुबाला और मधुमति ताम्रकार के नाम पर दर्ज है, जो भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की चचेरी बहनें बताई जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक कुल 10.72 एकड़ जमीन में से करीब 6.28 एकड़ भूमि पर खेती की जा रही थी। अफीम के पौधे मक्के की फसल के बीच लगाए गए थे ताकि खेती को छिपाया जा सके।

पुलिस ने मधुबाला और मधुमति ताम्रकार को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। वहीं हिरासत में लिए गए विनायक ताम्रकार और विकास विश्नोई से भी पूछताछ जारी है।

लीज पर ली गई थी जमीन
पूछताछ के दौरान विकास विश्नोई ने पुलिस को बताया कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, उसे राजस्थान के जोधपुर निवासी आचल दास ने लीज पर लिया था। बताया जा रहा है कि आचल दास फिलहाल होली का त्योहार मनाने अपने गांव गया हुआ है।

विकास विश्नोई पिछले करीब चार साल से समोदा गांव में रह रहा है और उसने विनायक ताम्रकार की लगभग 13 एकड़ जमीन लीज पर लेकर खेती कर रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

मामले ने लिया राजनीतिक रूप
अवैध अफीम खेती का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समोदा गांव पहुंचे और उस खेत का निरीक्षण किया जहां अफीम की खेती किए जाने की बात सामने आई है। उनके साथ कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।

भूपेश बघेल ने लगाए सरकार पर आरोप
मौके पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस खेत में अफीम की खेती की जा रही है, वह भाजपा नेता की जमीन बताई जा रही है और यह जांच का विषय है कि यह खेती कब से चल रही थी।

उन्होंने कहा कि अफीम से डोडा, ब्राउन शुगर और चिट्टा जैसे नशीले पदार्थ बनाए जाते हैं। बघेल ने दावा किया कि राज्य में हाल के महीनों में चिट्टा के कारोबार में तेजी आई है और इस मामले में सैकड़ों लोग जेल में हैं।

विधानसभा में उठेगा मुद्दा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण को विधानसभा में भी उठाया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जमीन के मालिकों सहित अन्य लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है और जमीन से जुड़े दस्तावेजों के लिए राजस्व विभाग से भी रिपोर्ट मंगाई गई है।

Related Posts

छत्तीसगढ़ की महिलाएं आत्मनिर्भरता और नवाचार से बना रही हैं नई पहचान – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर: छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज आत्मनिर्भरता, मेहनत और नवाचार के बल पर नई पहचान…

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफल प्रदेश के अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के जरिए दी बधाई

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने  संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल…

1 of 207