कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले का शिक्षा विभाग एक बार फिर विवादों में आ गया है। हाल ही में विभाग में करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आने के बाद अब फर्जी प्रमोशन का नया मामला उजागर हुआ है। मामले के सामने आते ही शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी हरकत में आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में जिला शिक्षा कार्यालय कबीरधाम में कार्यरत शिव कुमार निर्मलकर (कनिष्ठ लेखा परीक्षक) और जेपी बर्वे (लेखापाल) को पदोन्नत कर सहायक ग्रेड–1 के पद पर नियुक्त किया गया था। इस पदोन्नति को लेकर विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि दोनों कर्मचारियों को दी गई पदोन्नति छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग की सेवा भर्ती नियमों के विपरीत की गई थी। इसके बाद दुर्ग संभागीय कार्यालय की ओर से संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। दोनों कर्मचारियों ने अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
पूरी प्रक्रिया के बाद दुर्ग संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक रूपलाल ठाकुर ने आदेश जारी करते हुए शिव कुमार निर्मलकर और जेपी बर्वे की पदोन्नति को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी कबीरधाम को इस मामले में आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
संभागीय संयुक्त संचालक ने यह भी निर्देश दिया है कि पूरे मामले में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।









