रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर और खम्हारडीह थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया है। इस बार चोरों ने परिसर की तीसरी मंजिल पर स्थित वनोरा रेस्टोरेंट के एयर कंडीशनर की महंगी कॉपर वायरिंग चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल की छत पर कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के एसी के आउटडोर यूनिट लगे हुए हैं। चोरों के लिए यह जगह आसान निशाना बन गई है। व्यापारियों का कहना है कि इस परिसर में पहले भी कई बार एसी के कॉपर वायर और अन्य महंगे पार्ट्स चोरी हो चुके हैं।
पुलिस कार्रवाई पर व्यापारियों में नाराजगी
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि चोरी से उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने पहले भी संबंधित थाने में शिकायत देकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए और चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
आकाश टावर में भी हो चुकी है ऐसी वारदात
गौरतलब है कि शंकर नगर मेन रोड स्थित आकाश टावर में भी इसी तरह की चोरी की घटना सामने आ चुकी है। 17 जून 2024 की रात चोरों ने टावर की छत पर स्थित मोती महल रेस्टोरेंट के एयर कंडीशनर के करीब 30 फीट लंबे कॉपर पाइप चोरी कर लिए थे। इस मामले में मकान मालिक ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ितों के अनुसार, इससे पहले अप्रैल महीने में भी इसी तरह की चोरी हुई थी। वहीं, आकाश टावर के पास स्थित यूनिवर्सल टी.वी. शोरूम में भी एसी का कॉपर पाइप चोरी होने की घटना सामने आई थी।
पॉश इलाके की सुरक्षा पर सवाल
व्यापारियों का कहना है कि शंकर नगर जैसे पॉश और व्यस्त इलाके में चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। कुछ समय पहले शंकर नगर गीतांजलि कॉलोनी रोड पर पान दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना भी सामने आई थी।
लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात की गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।










