छत्तीसगढ़ के बतौली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। बीती रात राजेश स्वीट्स के संचालक राजेश गुप्ता के घर को चोरों ने निशाना बनाया और लगभग 5 लाख रुपये नगद तथा जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 बजे राजेश गुप्ता अपने परिवार के साथ बाहर खाना खाने गए थे। लगभग एक घंटे बाद जब वे लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। शंका होने पर उन्होंने दरवाजा बाहर से बंद किया, जिससे दो चोर घर के अंदर ही फंस गए।
कुछ ही देर बाद चोरों ने खिड़की तोड़कर भागने की कोशिश की और इसमें सफल हो गए। घर से नगद और जेवरात समेत लगभग 5 लाख रुपये चोरी हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और रातभर चोरों की तलाश में छानबीन की, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी के कारण अब हर कोई अपने घर से बाहर जाने में भय महसूस करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चोर पहले से घर की रेकी कर रहे थे, क्योंकि पहले भी इसी घर में चोरी की घटना हो चुकी थी।
बतौली में हाल के दिनों में योगेश क्लॉथ और जय माता दी एग्रो में हुई लाखों की चोरी के मामले भी अब तक नहीं सुलझ पाए हैं। राजेश गुप्ता के घर हुई इस नई घटना के बाद स्थानीय व्यापारी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि नगर में लोग भयमुक्त होकर रह सकें।










