रायपुर। भानुप्रतापपुर के दुर्गकोंदल ब्लॉक मुख्यालय के अंदर आने वाले गांव कोड़ेकुर्से के लोगों ने आज धर्मान्तरण को लेकर बड़ा फैसला लिया है। लोगों ने पूरे गांव में ईसाई समुदाय के पादरी के गांव में प्रवेश पर रोक लगा दी है। इसके लिए गांव के बाहर बोर्ड लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में धार्मिक परिवर्तन की गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
इस फैसले के बाद चारों तरफ इस फैसले की चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि गांव वालों ने निर्णय सामूहिक बैठक के बाद लिया है। जिससे गांव में सामाजिक सौहार्द और परंपरागत आस्था बनी रहे। बता दें कि कुछ दिन पहले इस गांव में धर्मांतरित ग्रामीण के शव को दफनाने को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद बढ़ने के बाद धर्मांतरित ग्रामीण के शव का अंतिम संस्कार जिले ही नहीं, बल्कि बस्तर संभाग के बाहर किया गया। इससे पहले भी जिले की 14 ग्राम पंचायतों में ऐसे बोर्ड लगाए जा चुके हैं। अब दुर्गकोंदल के ग्राम कोड़ेकुर्से में भी ऐसा बोर्ड लगाया गया है।










