उज्जैन। राजधानी से एक मुस्लिम युवक के साथ हिंदू युवती के उज्जैन पहुंचने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय सोहेल शेख, निवासी मोती नगर मस्जिद के सामने, शुक्रवार को बस के जरिए युवती के साथ उज्जैन आया था।
होटलों ने कमरा देने से किया इनकार
उज्जैन पहुंचने के बाद युवक ने ऋषि नगर स्थित एक होटल में ऑनलाइन कमरा बुक किया था। लेकिन युवक के साथ हिंदू युवती होने के कारण होटल संचालक ने कमरा देने से मना कर दिया। इसके बाद तीन अन्य होटलों ने भी उन्हें कमरा देने से इनकार कर दिया।
नानाखेड़ा स्थित होटल में मिला कमरा
इसके बाद दोनों नानाखेड़ा क्षेत्र के एक होटल पहुंचे, जहां उन्हें करीब 5 हजार रुपये में कमरा दिया गया। हालांकि, होटल रजिस्टर में दोनों की एंट्री दर्ज नहीं की गई, जो बाद में विवाद का कारण बनी।
सूचना पर पहुंची पुलिस और संगठन के सदस्य
मामले की जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद सूचना मिलने पर नानाखेड़ा पुलिस भी पहुंची और दोनों को थाने ले जाया गया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने युवती को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है, जबकि सोहेल शेख के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।










