रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार रात कटोरा तालाब मेन रोड स्थित रतन पैलेस के पास संचालित एफजेड स्पा सेंटर में हवाई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। शराब के नशे में धुत एक प्राइवेट पीएसओ ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर स्पा संचालिका को धमकाया और ड्राइवर के साथ मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील कुमार पांडेय (46), निवासी शेखपुर, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में एक निजी कंपनी में पीएसओ, तथा उसके साथी अंगद सिंह (33), निवासी आदर्श नगर, मोवा रायपुर, पेशे से ड्राइवर, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल और एक एयर गन जब्त की गई है।
मसाज कराने पहुंचे, मना करने पर भड़के
घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सुनील पांडेय अपने ड्राइवर के साथ स्पा सेंटर पहुंचा और मसाज कराने की बात कही। उस समय स्पा सेंटर बंद हो चुका था और कर्मचारी जा चुके थे। संचालिका ने अगले दिन आने को कहा तो नशे में धुत आरोपी भड़क गया और विवाद करने लगा।
रजिस्टर चेक करने की कोशिश, गाली-गलौज
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी जबरन स्पा सेंटर के अंदर घुसकर हंगामा करते दिखाई दे रहा है। वह कर्मचारियों और ग्राहकों की जानकारी के लिए रजिस्टर चेक करने लगा। मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
तैश में आकर की हवाई फायरिंग
विवाद बढ़ने पर सुनील ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर धमकाना शुरू कर दिया। इसी दौरान गोली चल गई, जो अंदर रखी टेबल में जा धंसी। फायरिंग की आवाज सुन संचालिका घबरा गई और चीख पड़ी। आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो दोनों आरोपी फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
अगले दिन शिकायत मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर दो घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर सुनील पांडेय के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व सैनिक (एक्स आर्मी मैन) है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से आरोपी पीएसओ के रूप में कार्यरत था, वहां पुलिस वेरिफिकेशन प्रक्रिया संदिग्ध है। पुलिस संबंधित सुरक्षा एजेंसी को नोटिस जारी करने की तैयारी में है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है।










