रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खमतराई ओवरब्रिज पर चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गई।
जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि बेमेतरा निवासी विष्णु साहू अपनी एक रिश्तेदार को इलाज के लिए DKS अस्पताल रायपुर में भर्ती कराने आए थे। अस्पताल से लौटते समय वे खमतराई ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी के इंजन से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में स्कॉर्पियो आग की चपेट में आ गई।
आग लगते ही चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी। सभी सवारों ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी गई, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। घटना के कारण कुछ समय के लिए ओवरब्रिज पर यातायात भी प्रभावित रहा।









