Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: एम्स में नौकरी का झांसा देकर युवती से 6 लाख की ठगी, दुष्कर्म कर बनाया वीडियो

रायपुर। राजधानी में नौकरी का झांसा देकर ठगी और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एम्स में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर एक 25 वर्षीय युवती से करीब छह लाख रुपये ठगने और दुष्कर्म कर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, कवर्धा जिले के पांडातराई निवासी रितेश चंद्राकर (26) ने करीब दो वर्ष पहले युवती से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की थी। उसने खुद को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में कार्यरत बताते हुए अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा किया। आरोपी ने युवती को विश्वास दिलाया कि वह उसकी नौकरी एम्स में लगवा देगा।

छह लाख रुपये की ठगी, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर

आरोप है कि युवक ने अलग-अलग किस्तों में युवती से करीब छह लाख रुपये ले लिए। युवती ने यह रकम कर्ज लेकर दी थी। भरोसा कायम रखने के लिए आरोपी ने उसे फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी सौंप दिया। जब युवती ज्वाइनिंग लेटर लेकर एम्स पहुंची, तब उसे पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं और उसके साथ ठगी हुई है।

होटल में दुष्कर्म और ब्लैकमेल

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे अमनाका क्षेत्र के एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।

आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत पर अमनाका थाना में मामला दर्ज किया गया। मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Related Posts

1 of 176