नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान एक डरावना हादसा सामने आया. दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को गंभीर चोट लगने के बाद एंबुलेंस से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा. यह घटना पंजाब किंग्स की पारी की शुरुआत में हुई, जब एक कैच लेने का प्रयास अचानक भयावह दृश्य में बदल गया. कैच पकड़ने की कोशिश में लुंगी एनगिडी बुरी तरह गिर पड़े और चोट इतनी गंभीर थी कि वह मैदान पर ही पड़े रह गए.
घटना के तुरंत बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मेडिकल सहायता के लिए इशारा किया. स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों के बीच अचानक सन्नाटा छा गया और मुकाबला कुछ समय के लिए रोकना पड़ा. जो मैच सामान्य उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा था, वह पलभर में चिंता के माहौल में बदल गया.
तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को गंभीर चोट लगने के बाद एंबुलेंस से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा.
मेडिकल टीम ने तुरंत मैदान पर पहुंचकर एनगिडी की जांच की. उनकी स्थिति को देखते हुए पहले स्ट्रेचर मंगाया गया, लेकिन बाद में एंबुलेंस को सीधे मैदान के अंदर बुलाना पड़ा. इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया.










