चतरा (झारखंड)। झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया इलाके में सोमवार देर शाम एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई। हादसे में विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। इस दुखद घटना की पुष्टि चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री ने की है।
रेडबर्ड एयरवेज की मेडिकल फ्लाइट थी
हादसे का शिकार हुआ विमान Redbird Airways की बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L मेडिकल चार्टर फ्लाइट थी। एयर एंबुलेंस में एक मरीज, उसके परिजन, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और दो पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे।
विमान ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। कोलकाता एटीसी से संपर्क स्थापित होने के बाद शाम 7:34 बजे विमान का रडार और संचार संपर्क अचानक टूट गया। अंतिम बार विमान की लोकेशन वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व बताई गई थी। इसके कुछ समय बाद विमान सिमरिया क्षेत्र के जंगलों में क्रैश हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उड़ान भरते समय सब कुछ सामान्य था। लेकिन कुछ ही देर बाद खराब मौसम और तेज बारिश के बीच विमान का संपर्क टूट गया। अधिकारियों का कहना है कि खराब मौसम इस हादसे की संभावित वजह हो सकती है, हालांकि अन्य तकनीकी कारणों की भी जांच की जाएगी।
घटनास्थल घने जंगली इलाके में होने के कारण राहत और बचाव टीमों को वहां पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला प्रशासन की सर्च एंड रेस्क्यू टीम देर रात तक मौके पर पहुंचने की कोशिश करती रही।
विमान में कौन-कौन थे सवार?
एयर एंबुलेंस में सवार लोगों में शामिल थे-
- कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट)
- कैप्टन सबराजदीप सिंह (को-पायलट)
- संजय कुमार (मरीज)
- अर्चना देवी (परिजन)
- धूरू कुमार (परिजन)
- विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर)
- सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ)
सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के आदेश
हादसे की सूचना मिलते ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की टीम को जांच के लिए रवाना कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।
फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट साझा करने की बात कही है।










