मरवाही: छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नाका में भालू के हमले का एक गंभीर मामला सामने आया है। घर की बाड़ी में काम कर रही एक महिला पर अचानक भालू ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
बाड़ी में काम करते वक्त हुआ अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, ग्राम नाका निवासी सविता अपनी बाड़ी में कामकाज कर रही थीं। इसी दौरान वहां अचानक एक भालू आ धमका और उन पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। अपनी जान बचाने के लिए महिला ने जोर-जोर से चीखना-पुकारना शुरू किया।
परिजनों और पड़ोसियों की सूझबूझ से ब बची जान
महिला की चीख-पुकार सुनकर घरवाले और आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर दौड़े। लोगों ने एकजुट होकर शोर मचाया और भालू को खदेड़कर जंगल की ओर भगाया, तब जाकर उसकी जान बची। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
108 एंबुलेंस ने समय पर पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल 108 आपातकालीन सेवा तुरंत हरकत में आई। मौके पर पहुंचे ईएमटी (EMT) शुक्ला प्रसाद और पायलट सुनील कुमार ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और तत्परता दिखाते हुए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में इलाज जारी, स्थिति सामान्य
जिला अस्पताल में घायल महिला को भर्ती कर डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज शुरू कर दिया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, फिलहाल महिला की स्थिति सामान्य बनी हुई है और उसका इलाज लगातार जारी है। वन विभाग इस घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बरतने की बात कह रहा है।










