रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के बीच एक बार फिर विवाद सामने आया है। प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के नामांकन तत्काल प्रभाव से होल्ड किए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों नेताओं के नामांकन पर रोक की खबर के बाद युवा कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों नेताओं पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। जारी नोटिस में कहा गया है कि संज्ञान में आया है कि उनके द्वारा चुनाव के दौरान प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से सदस्यता कराई गई, जो लागू चुनाव आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के विपरीत है।
आज शाम 7 बजे तक देना होगा जवाब
नोटिस में कहा गया है कि चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए दोनों नेताओं का नामांकन तत्काल प्रभाव से होल्ड किया जाता है। उन्हें 8 सितंबर की शाम 7 बजे तक लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि संबंधित उम्मीदवार को इस संबंध में कोई आपत्ति या स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करना है। इसके बाद उनके खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
पहले भी नामांकन को लेकर उठे सवाल
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही नामांकन और उम्मीदवारों की पात्रता को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। इससे पहले भी कुछ दावेदारों के नामांकन होल्ड किए गए थे, जबकि स्क्रूटनी के दौरान कुछ उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर दावेदारों की ओर से शिकायतें भी की गई हैं और इन शिकायतों पर सुनवाई होने की बात सामने आई थी।
चेलक और बंजारे के बीच मुकाबला चर्चा में
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए करीब 17 दावेदार मैदान में बताए जा रहे हैं। इनमें सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के बीच मुकाबला सबसे अधिक चर्चा में रहा है। दोनों नेताओं को लेकर संगठन के भीतर अलग-अलग राजनीतिक खेमों के समर्थन की चर्चाएं भी होती रही हैं, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसे में दोनों प्रमुख दावेदारों के नामांकन होल्ड होने से प्रदेश अध्यक्ष पद का चुनाव और अधिक दिलचस्प हो गया है। अब सभी की नजर दोनों नेताओं के जवाब और उसके बाद चुनाव प्रबंधन की ओर से लिए जाने वाले निर्णय पर टिकी है।
30 अगस्त से शुरू हुई ऑनलाइन मतदान प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का चुनाव 30 अगस्त से शुरू होकर 29 सितंबर तक ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से चलना है। पात्र सदस्य प्रदेश अध्यक्ष समेत संगठन के विभिन्न पदों के लिए मतदान करेंगे। चुनाव प्रक्रिया के तहत एक सदस्य को अलग-अलग संगठनात्मक पदों के लिए कुल छह वोट डालने की व्यवस्था बताई गई है।
अब चेलक और बंजारे के नामांकन पर अंतिम फैसला उनके द्वारा दिए जाने वाले स्पष्टीकरण और चुनाव प्रबंधन की आगामी कार्रवाई पर निर्भर करेगा।










