Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सामूहिक कन्या विवाह में सात फेरे लेंगे BJP विधायक दीपेश साहू, बाराती बनेंगे सीएम विष्णुदेव साय और दिग्गज मंत्री

बेमेतरा। जिले के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल खेल मैदान में 31 मई को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस बार का आयोजन खास होने वाला है, क्योंकि बेमेतरा विधायक दीपेश साहू भी इसी सामूहिक विवाह समारोह में सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में कुल 24 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।

विधायक दीपेश साहू के इस फैसले ने पूरे प्रदेश में चर्चा का माहौल बना दिया है। प्रदेश में यह संभवतः पहली बार होगा, जब कोई मौजूदा विधायक मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आम लोगों के साथ सामूहिक विवाह करेगा।

समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष

इस विवाह समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

विधायक बोले- समाज को देना चाहता हूं सादगी का संदेश

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि शासकीय योजनाएं तभी सफल होती हैं, जब जनप्रतिनिधि खुद उन्हें अपनाकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि वे समाज को सादगी और फिजूलखर्ची रोकने का संदेश देना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी करने का निर्णय लिया है।

तैयारियों में जुटा प्रशासन, समर्थकों में उत्साह

बेमेतरा जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। विधायक दीपेश साहू भी लगातार आयोजन स्थल का जायजा ले रहे हैं। विधायक की शादी को लेकर समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

विधायक की पहल की हो रही सराहना

दीपेश साहू के इस फैसले की राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि का इस तरह सामूहिक विवाह योजना से जुड़ना समाज में सकारात्मक संदेश देगा और दिखावे व फिजूलखर्ची पर रोक लगाने में मददगार साबित होगा।

Related Posts

कथित जहरीली शराब से 8 लोगों की मौत का मामला, एसपी ऑफिस पहुंचे परिजन और ग्रामीण, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम पुराना खरवे में हुए चर्चित कथित…

1 of 444