Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

दुर्ग में शराब पार्टी के बाद गर्लफ्रेंड के घर बॉयफ्रेंड की संदिग्ध मौत, थप्पड़ के बाद छत पर मिला बेसुध

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी गर्लफ्रेंड के घर शराब पार्टी में शामिल होने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और गर्लफ्रेंड ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद युवक घर की छत पर चला गया, जहां कुछ देर बाद वह बेसुध हालत में मिला।

घटना अंजोरा चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के समय घर में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। युवक की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

चार लोग कर रहे थे शराब पार्टी

जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय सिद्धांत दान सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर पर अंजलीना के अलावा रायगढ़ की रहने वाली उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि सभी ने रात में साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, नशे की हालत में सिद्धांत ने अंजलीना को कथित तौर पर गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया।

विवाद के बाद छत पर चला गया युवक

थप्पड़ मारने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया। कुछ समय बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो सिद्धांत वहां बेसुध हालत में पड़ा मिला।

अंजलीना ने उसे होश में लाने की कोशिश की और CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) भी दिया, लेकिन सिद्धांत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद घर में मौजूद लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सिद्धांत को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत आखिर किस वजह से हुई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस की शुरुआती जांच में गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि सिद्धांत की मौत किस कारण से हुई। थप्पड़ और उसकी मौत के बीच कोई सीधा संबंध था या नहीं, यह भी जांच का विषय है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना के समय घर में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज कर रही है और पूरे मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

बताया गया है कि मृतक सिद्धांत पहले प्राइवेट नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। उसकी मां रायपुर के एक स्कूल में सरकारी शिक्षिका हैं। वहीं, अंजलीना नर्सिंग की छात्रा बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत के तौर पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Related Posts

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार, ईडी की कार्रवाई से सियासी हलचल तेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने…

1 of 452