Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

हाउसिंग बोर्ड दफ्तर में रिश्वत का आरोप: बादाम वाली महिला अधिकारी का नया वीडियो वायरल, जांच की मांग तेज

बिलासपुर। तिफरा स्थित छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड कार्यालय एक बार फिर विवादों में आ गया है। कार्यालय में टेबल पर बादाम बिखेरकर फाइल खोजने वाले वीडियो के बाद अब एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला अधिकारी पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

नए वीडियो में घूस के आरोप
वायरल वीडियो में एक महिला आरोप लगाती नजर आ रही है कि एनओसी शुल्क जमा करने के बावजूद फाइल आगे बढ़ाने और हस्ताक्षर कराने के नाम पर पहले 10 हजार रुपये और बाद में 5-5 हजार रुपये की मांग की गई।

महिला का कहना है कि पिछले पांच महीनों से उसे लगातार दफ्तर के चक्कर लगवाए जा रहे हैं, जबकि एनओसी प्रक्रिया के लिए केवल डेढ़ महीने का समय बताया गया था।

अधिकारी ने आरोपों से किया इनकार
वीडियो में संबंधित महिला अधिकारी अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करती दिख रही हैं। हालांकि, इस पूरे मामले की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

पहले वीडियो से शुरू हुआ विवाद
करीब पांच दिन पहले एक अन्य वीडियो में पीड़ित युवक तोरण साहू ने फाइल नहीं मिलने पर “बादाम खाकर फाइल खोजने” जैसी टिप्पणी की थी, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया था। इसके बाद अधिकारी को रायपुर कार्यालय में अटैच कर दिया गया था।

स्थानीय लोगों के गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यालय में काम के बदले पैसों की मांग की जाती थी और बिना भुगतान फाइलें महीनों तक अटकाई जाती थीं। इससे आम लोगों को बार-बार दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ते थे।

जांच और कार्रवाई की मांग तेज
दो वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। लोग सोशल मीडिया पर मामले की उच्च स्तरीय जांच और संबंधित अधिकारी के निलंबन की मांग कर रहे हैं। साथ ही कथित रूप से वसूली गई रकम की वसूली की भी मांग उठ रही है।

फिलहाल पूरा मामला जांच के घेरे में है और विभागीय प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Related Posts

रायपुर में चौंकाने वाला खुलासा: नाबालिग बच्चों के जरिए गांजा तस्करी, पेट में बांधकर ट्रेन से भेजा माल

रायपुर (छत्तीसगढ़)। राजधानी रायपुर से नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल कर गांजा तस्करी…

1 of 290