रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई फोटो प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के नव निर्माण के 26 वर्षों की यात्रा और विकास की झलक आकर्षक अंदाज में दिखाई गई है। डिजिटल एलईडी स्क्रीन, ई-कॉर्नर, रोचक जानकारियों और मनोरंजक चलित रोबोट ने बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक का ध्यान खींचा है।
विकास के 26 वर्षों की यात्रा को तस्वीरों में किया प्रदर्शित
जनसंपर्क विभाग ने इस प्रदर्शनी को ‘नव निर्माण के 26 वर्ष एवं विकास पथ पर अग्रसर छत्तीसगढ़’ थीम पर तैयार किया है। इसमें सुशासन से समृद्धि, निवेश से औद्योगिक प्रगति, समृद्ध संस्कृति और परिवर्तन का गढ़ जैसे विषयों के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा को दर्शाया गया है।
डिजिटल एलईडी स्क्रीन पर बस्तर में आए बदलाव और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हो रही विकास गतिविधियों की झलक भी दिखाई गई। इसके अलावा शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। प्रदर्शनी देखने पहुंच रहे लोगों को ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ किताब और सरकारी योजनाओं पर आधारित ब्रोशर भी निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं।
रोबोट के साथ बच्चों ने खिंचवाई सेल्फी और तस्वीरें
प्रदर्शनी में लगाया गया चलित मनोरंजक रोबोट बच्चों और युवाओं के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। रोबोट को देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए। कई बच्चों ने उसके साथ हाथ मिलाया और तस्वीरें खिंचवाईं।
डिजिटल एलईडी स्क्रीन और ई-कॉर्नर पर उपलब्ध जानकारियों ने भी लोगों की रुचि बढ़ाई। रायपुर की रीतिका साहू अपने सात वर्षीय बेटे वीरांश के साथ प्रदर्शनी देखने पहुंचीं। उन्होंने डिजिटल स्क्रीन और छत्तीसगढ़ से जुड़े सामान्य ज्ञान क्विज को बच्चों के लिए उपयोगी बताया।
रीतिका साहू के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियों से बच्चे प्रदेश की संस्कृति, सभ्यता और विशेषताओं के बारे में रोचक तरीके से जानकारी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए रोबोट की भी सराहना की।
इसी तरह रायपुर के सुलभ सौरभ, अनिल रामटेके और राजिम के ग्राम परसदा निवासी टिकेश्वर निषाद ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने डिजिटल माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी देने की पहल को सराहनीय बताया।
सुशासन और औद्योगिक निवेश की उपलब्धियां भी प्रदर्शित
प्रदर्शनी में प्रदेश में सुशासन और औद्योगिक विकास से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसमें सेवा सेतु के माध्यम से 942 सरकारी सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराने, छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 740 से अधिक सेवाओं को कानूनी अधिकार मिलने और सुशासन तिहार में 50 लाख आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई है।
इसके साथ ही नवा रायपुर में विकसित हो रहे पहले AI डेटा सेंटर पार्क, निर्माणाधीन दूसरे सेमीकंडक्टर यूनिट और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध 187 सेवाओं को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पर्यटन की दिखी झलक
प्रदर्शनी में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और पर्यटन स्थलों को भी विशेष स्थान दिया गया है। यहां करीब 600 साल पुरानी परंपरा वाले 75 दिनों तक चलने वाले बस्तर दशहरा, 52 शक्तिपीठों में शामिल मां दंतेश्वरी मंदिर और धान की 23 हजार से अधिक किस्मों से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं।
इसके अलावा प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात और प्रदेश के लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र से जुड़ी जानकारियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा और पर्यटन की विशेषताओं को भी दर्शाया गया है।
कुल मिलाकर राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग की यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं, संस्कृति और आधुनिक तकनीक को एक ही मंच पर प्रस्तुत कर रही है।










