विष्णु देव साय ने गुरुवार को सूरजपुर प्रवास के दौरान रामानुजनगर प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्रहण फड़ पटना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आजीविका और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वनाधारित अर्थव्यवस्था से जुड़े परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
तेंदूपत्ता और तेंदू फल की माला पहनाकर किया स्वागत
मुख्यमंत्री के आगमन पर संग्राहकों ने आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें तेंदूपत्ता और तेंदू फलों से बनी विशेष माला पहनाई। इस अवसर पर लक्ष्मी रजवाड़े, भूलन सिंह मरावी और रामसेवक पैकरा का भी सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने संग्राहकों के श्रम की सराहना करते हुए कहा कि वनाधारित आजीविका से जुड़े लोग ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं और उनके जीवन में समृद्धि लाना सरकार की प्राथमिकता है।
महुआ पेड़ की छांव में लगाई चौपाल
मुख्यमंत्री ने महुआ पेड़ की छांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों और संग्राहकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, पेयजल, जल जीवन मिशन, राजस्व मामलों, शिक्षा व्यवस्था और महतारी वंदन योजना के लाभ की जानकारी ली।
महिलाओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने पूछा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है। महिलाओं ने बताया कि इस राशि से परिवार की जरूरतें पूरी करने और बच्चों की पढ़ाई में मदद मिल रही है।
संग्राहकों को बांटी चरण पादुका
मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों की आय और कार्य परिस्थितियों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनाधारित आजीविका से जुड़े लोगों के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जाएं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संग्राहकों को चरण पादुका वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
लक्ष्य से अधिक हुआ तेंदूपत्ता संग्रहण
सरकार की ओर से वर्ष 2026 में तेंदूपत्ता संग्रहण की दर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा तय की गई है। फड़ पटना में 50 मानक बोरा संग्रहण का लक्ष्य रखा गया था, जबकि 21 मई 2026 तक 66.640 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया जा चुका है। इस संग्रहण कार्य से कुल 108 संग्राहक जुड़े हुए हैं, जो क्षेत्र की वनाधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।










