रायपुर| देश के पांच राज्यों में हो रही मतगणना के रुझानों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खेमे में उत्साह भर दिया है। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
ममता सरकार पर CM साय का बड़ा हमला
बलरामपुर दौरे पर रहे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चुनाव परिणामों के रुझानों पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री ने कहा, “पश्चिम बंगाल में टीएमसी की निरंकुश सरकार के जाने के आसार साफ दिख रहे हैं। वहां की जनता लंबे समय से भय और भ्रष्टाचार के माहौल में थी। भाजपा की सरकार बनने से वहां के आम जनमानस को सीधा लाभ मिलेगा।” असम के रुझानों पर उन्होंने कहा कि वहां भाजपा की वापसी निश्चित है और पार्टी तीसरी बार सत्ता संभालकर ‘विकास की हैट्रिक’ लगाएगी।
“बड़ी जीत, बड़ी जिम्मेदारी लाती है”: मंत्री गुरु खुशवंत
छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी भाजपा की संभावित जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन की जीत बताया। उन्होंने बंगाल में चुनाव प्रचार के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा:
“जब हम बंगाल में प्रचार कर रहे थे, तभी जनता के बीच ममता सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश झलक रहा था। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से आज बंगाल में जनादेश मिल रहा है। हमें याद रखना चाहिए कि जब बड़ी जीत मिलती है, तो बड़ी जिम्मेदारी भी साथ आती है। अब बंगाल में भी विकास की रफ्तार तेज होगी।”
रुझानों के बाद रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर जश्न मनाना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया है कि शाम तक आधिकारिक नतीजे ‘ब्रांड मोदी’ पर जनता की मुहर लगा देंगे।










