बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश ठाकुर का असम में चुनाव प्रचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
गुवाहाटी में बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, पार्टी के निर्देश पर रूपेश ठाकुर गुवाहाटी में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
संगठन के समर्पित नेता थे
रूपेश ठाकुर कांग्रेस पार्टी के जमीनी और सक्रिय कार्यकर्ता माने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक संगठन में काम किया और शहर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
भूपेश बघेल ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। वे गुवाहाटी पहुंचकर परिजनों से मिले और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रूपेश ठाकुर का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
क्षेत्र में शोक की लहर
रूपेश ठाकुर के निधन की खबर मिलते ही बलौदाबाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दे रहे हैं सोशल मीडिया पर भी श्रद्धांजलि का सिलसिला जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे हमेशा जनता के बीच रहने वाले नेता थे और हर समस्या में लोगों के साथ खड़े रहते थे।










