Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण, सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में चंगाई सभा की आड़ में ईसाई मत में धर्मांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गांधीनगर थाना क्षेत्र के नमनाकला निवासी और सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो को सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उनके निवास पर लंबे समय से बिना अनुमति के चंगाई सभा का आयोजन किया जा रहा था, जहां लोगों को कथित तौर पर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

रविवार को होती थी चंगाई सभा

पुलिस के अनुसार, ओमेगा टोप्पो के नमनाकला स्थित घर में पिछले कई महीनों से हर रविवार को चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। 25 जनवरी को सभा की सूचना मिलने पर हिंदुवादी संगठनों से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे। उस समय घर के बाहर कई वाहन खड़े थे और अंदर करीब 50 से 60 लोग कथित प्रार्थना सभा में शामिल थे।

हिंदू धर्म के खिलाफ टिप्पणी और प्रलोभन का आरोप

हिंदुवादी संगठनों ने आरोप लगाया कि सभा के दौरान हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं और लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई मत अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। आरोप है कि उस दिन चार से पांच लोगों का मतांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था।

पुलिस को अंदर जाने से रोके जाने का आरोप

सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस नायब तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंची। आरोप है कि आयोजकों ने पुलिस को सभा स्थल के भीतर प्रवेश करने से रोका और जांच में बाधा डाली। पुलिस से पहचान पत्र और कार्रवाई से संबंधित आदेश की प्रति मांगी गई। बताया गया कि प्रार्थना समाप्त होने के बाद ही बातचीत की बात कही गई।

रजिस्टर जब्त, बिना अनुमति सभा की पुष्टि

पुलिस ने मौके से एक रजिस्टर जब्त किया, जिसमें चंगाई सभा में शामिल लोगों के नाम और हस्ताक्षर दर्ज थे। जांच में सामने आया कि बिना किसी शासकीय अनुमति के हर रविवार को यहां चंगाई सभा आयोजित की जाती थी और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते थे।

इन धाराओं में केस दर्ज

हिंदुवादी संगठन से जुड़े रोशन तिवारी की रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने ओमेगा टोप्पो सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 270, 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धारा 5(क) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पूछताछ से लौटने पर बढ़ी सख्ती

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने के बाद ओमेगा टोप्पो बिना सूचना दिए लौट गई थीं। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर 66 वर्षीय ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय में पेश, जांच जारी

गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और चंगाई सभा से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


Related Posts

छत्तीसगढ़ की धरती से अब निकालेगा हीरा, वैज्ञानिक सर्वेक्षण के बाद सैंपल की जांच में मिले 5 हीरे  

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की धरती से अब हीरा निकलेगा. जिले के सरायपाली क्षेत्र…

CG NEWS- मन्नत की जगह ‘देवगुड़ी’ में बिछ गई लाश! बेटे के दोस्त ने बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट, जानें खौफनाक वजह

बतौली (सरगुजा)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने…

मंत्रालय में 145 कनिष्ठ सचिवालय सहायक पदों पर होगी संविदा भर्ती, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलेगा अवसर

रायपुर, 23 जून। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में कनिष्ठ सचिवालय सहायक (ग्रेड-3) के रिक्त…

1 of 389