Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- तंजानिया में सोने की खदान के नाम पर करोड़ों की ठगी, मुख्य आरोपी मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

रायपुर। तंजानिया में सोने की खदान दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को रायपुर पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विदेश भागने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार जमानत खारिज होने के बाद वह वियतनाम फरार होने की तैयारी में था, तभी उसे दबोच लिया गया।

कारोबारी से दो करोड़ से अधिक की ठगी

सिविल लाइन थाना में दर्ज प्रकरण के मुताबिक कारोबारी समर्थ बरडिया से तंजानिया में सोने की खदान में निवेश कराने के नाम पर दो करोड़ रुपये से अधिक की रकम हड़प ली गई थी। मामले में आरोपी यश राजेश शाह के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र (धारा 420, 120बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

खुद को बताया खदान कारोबारी

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने खुद को तंजानिया में खदान कारोबार से जुड़ा बताते हुए अफ्रीकी देश में बड़ी निवेश योजना का झांसा दिया। भरोसा जीतने के लिए उसने पीड़ित को तंजानिया बुलाया और अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे नामक व्यक्ति को अपना पार्टनर बताया। सोने की खदान में हिस्सेदारी और आकर्षक मुनाफे का लालच देकर चरणबद्ध तरीके से करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

लुकआउट नोटिस पर एयरपोर्ट से पकड़ा गया

जब तय समय पर न खदान का स्वामित्व मिला और न ही निवेश की राशि वापस हुई, तब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी देश छोड़कर भागने की कोशिश में है। तकनीकी साक्ष्य और लुकआउट नोटिस के आधार पर उसे मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया।

सहआरोपी की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सहआरोपी अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे फिलहाल फरार है। उसकी तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने अन्य निवेशकों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

1 of 179