Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

लूट के माल के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद, खुली गिरोह की पोल; मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार

कोटा क्षेत्र में पिस्टल की नोक पर लूट की दो वारदातों का खुलासा, सोने के जेवर, पिस्टल, कार, बाइक और 6 मोबाइल बरामद

बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र में पिस्टल की नोक पर लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्यों के बीच लूट की रकम और गहनों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने उनकी पूरी करतूत उजागर कर दी। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल, लूटे गए सोने के जेवरात, एक कार, एक बाइक और छह मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।

रेलवे कर्मचारी से लूट के बाद घर में बोला धावा

एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के अनुसार, 8 जुलाई को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपए का कलेक्शन लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को आरोपियों ने सलका डैम मोड़ के पास धक्का देकर गिराया और उसका बैग लूटकर फरार हो गए थे।

इसके बाद 18 जुलाई को आरोपियों ने बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर में धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर में मारपीट की और हथियार का भय दिखाकर करीब 50 हजार रुपए कीमत के सोने के जेवर लूट लिए।

लूट की रकम के बंटवारे पर भिड़े आरोपी, थाने पहुंचकर उगल दी पूरी कहानी

दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस संदिग्धों पर नजर रख रही थी और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया था। इसी बीच 2 सितंबर को कोटा पेट्रोल पंप के पास लूट में शामिल आरोपियों के बीच आपस में मारपीट हो गई।

मारपीट के बाद एक आरोपी सीधे थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब विवाद की वजह को लेकर उससे पूछताछ की तो उसने लूट की पूरी कहानी पुलिस के सामने उगल दी। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को दिनभर अभियान चलाकर गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने पूरे मामले का विधिवत खुलासा किया।

मास्टरमाइंड ने साथियों के साथ मिलकर रची थी साजिश

पुलिस के मुताबिक गिरोह का मुख्य सूत्रधार राकेश जायसवाल, निवासी मंझगांव, कोटा है। उसने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर लूट की वारदातों की योजना बनाई थी।

वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी सनी सिंह उन्हें मध्य प्रदेश के रीवा ले गया था। पुलिस के अनुसार, सनी सिंह ने अपने भाई के माध्यम से आरोपियों को अवैध पिस्टल उपलब्ध कराई थी।

आरोपियों ने लूटे गए पैसे और सोने के जेवर आपस में बांटने की योजना बनाई थी। बाद में इसी बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने पूरे गिरोह को पुलिस के सामने ला दिया।

लूट का सोना सर्राफा कारोबारी को बेचा

जांच में यह भी सामने आया कि लूट के बाद आरोपियों ने हर्ष नामदेव के माध्यम से फिरंगीपारा निवासी सर्राफा कारोबारी हर्ष सोनी को सोने के जेवर बेच दिए थे। पुलिस ने लूट का सामान खरीदने वाले हर्ष सोनी को भी गिरफ्तार किया है।

इसी मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले सनी सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में:

  • राकेश जायसवाल (35), निवासी मंझगांव, कोटा
  • दिव्यांशु जायसवाल (24), निवासी बिल्लीबंद, कोटा
  • आदर्श तिवारी (26), निवासी मौहारखार, कोटा
  • हर्ष नामदेव (25), निवासी कोटा
  • हर्ष सोनी (24), निवासी फिरंगीपारा, कोटा
  • सनी सिंह (35), निवासी मस्जिदपारा, कोटा

को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम के लिए नकद इनाम की घोषणा की है।

Related Posts

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से CM विष्णु देव साय ने की मुलाकात, कहा- केंद्र करेगा हरसंभव सहयोग

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री…

छत्तीसगढ़ के 65 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, ‘मोर बिजली’ ऐप से एक मिनट में होगा पूरा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य…

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले की गाड़ी पर गिरा टोल बैरियर, कर्मचारी से मारपीट का वीडियो वायरल

रायपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 स्थित लहपटरा टोल प्लाजा में…

1 of 463