अम्बिकापुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भुवनेश्वरपुर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग एक मकान, कपड़ा दुकान और टेंट हाउस में अचानक भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद तीन बच्चे फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 के जरिए अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। जब तक टीम पहुंची, तब तक आग पूरे भवन में तेजी से फैल चुकी थी। अग्निशमन कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए जोखिम उठाकर तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते बच्चों को बचा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक दिया। हालांकि आगजनी की इस घटना में अजय कुशवाहा के मकान में रखा घरेलू सामान, कपड़ा दुकान का माल और टेंट हाउस का काफी सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई और बहादुरी की स्थानीय लोगों ने सराहना की। वहीं भीषण गर्मी के बीच जिले में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने और बिजली उपकरणों के उपयोग में सावधानी रखने की अपील की है।










