रायपुर। छत्तीसगढ़ जोहर पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल काफी समय से फरार है। पुलिस ने उन्हें भगोड़ा तक घोषित कर दिया है। उनकी बयानबाजी से उपजा विवाद अब राजनीतिक गलियारों में भी घमासान मचा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर उन्हें बढ़ावा देने और महंगाई, बिजली, खाद बीज, विकास कार्यों से जनता का ध्यान भटकने का आरोप लगाया है।
पूर्व सीएम ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि अमित बघेल की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है, जिससे यह साबित होता है कि सरकार उन्हें खुद बढ़ावा दे रही है। अब तक इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम या किसी भी मंत्री ने कोई बयान नहीं दिया है। जिससे यह स्पष्ट है कि सरकार समाज को जातियों और क्षेत्र में बांटने की कोशिश कर रही है। भूपेश ने कहा कि किसी भी धर्म या समाज के महापुरुष के खिलाफ बोलना पूरे छत्तीसगढ़ का अपमान है, लेकिन सरकार मौन है।
वहीं दूसरी तरफ पूर्व सीएम के इस बयान पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार किया है। उन्होंने उनके इस बयान को राजनीति से प्रेरित बताया। चंद्राकर ने कहा कि बघेल खुद क्षेत्रीय और जातिवाद की राजनीति को बढ़ावा देने वाले नेता हैं। अमित बघेल पहले ही भगोड़ा घोषित किया जा चुके हैं और पुलिस उन पर कार्रवाई की प्रक्रिया में है। उन्होंने बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ भी बोलने से पहले उन्हें अखबार पढ़ लेना चाहिए ताकि सच्चाई पता रहे।









