सोना-चांदी के बाजार से बड़ी खबर सामने आई है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज MCX पर दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई।
सोमवार को बाजार खुलते ही चांदी की कीमत में जोरदार गिरावट देखने को मिली। बीते गुरुवार को 2,32,495 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई चांदी फिसलकर 2,29,651 रुपये प्रति किलो पर आ गई। यानी एक झटके में चांदी करीब 2,844 रुपये सस्ती हो गई।
इतना ही नहीं, चांदी अब अपने लाइफटाइम हाई 4,39,337 रुपये प्रति किलो से गिरकर करीब 2.09 लाख रुपये तक सस्ती हो चुकी है, जो निवेशकों के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है।
वहीं सोने की कीमतों में भी गिरावट का असर साफ नजर आया। गुरुवार को 1,49,680 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ सोना सोमवार को गिरकर 1,48,298 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। यानी सोना करीब 1,382 रुपये सस्ता हो गया।
सोना भी अपने उच्चतम स्तर 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम से करीब 54,686 रुपये नीचे आ चुका है।
हैरानी की बात यह है कि वैश्विक तनाव के बावजूद सोना-चांदी में गिरावट आई है। आमतौर पर ऐसे समय में निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर इन धातुओं की ओर रुख करते हैं, जिससे कीमतें बढ़ती हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, महंगाई का दबाव और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण सोना-चांदी पर दबाव बना हुआ है। इसके अलावा निवेशक इस समय कैश होल्ड करना ज्यादा सुरक्षित मान रहे हैं।
हालांकि शुरुआती गिरावट के बाद बाजार में हल्की रिकवरी के संकेत भी देखने को मिले हैं। ऐसे में निवेश करने से पहले बाजार के रुझान को समझना जरूरी माना जा रहा है।










