छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बालोद थाना क्षेत्र के झलमला गांव में स्थित एक कबाड़ दुकान में रविवार को करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब पांच मजदूर एक गाड़ी में लोहे का कबाड़ लोड कर रहे थे। इसी दौरान कबाड़ या वाहन का कोई हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे तेज करंट पूरे वाहन में फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान दो मजदूर तुरंत गाड़ी से कूद गए और अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन तीन मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दीनू सतनामी (50 वर्ष), निवासी जवाहरपारा बालोद, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए कबाड़ दुकान संचालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि दुकान के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के बावजूद कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे और बिना सावधानी के मजदूरों से काम कराया जा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।










