Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: मासूम की कब्र से सिर गायब, तंत्र-मंत्र की आशंका से गांव में दहशत

बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माहुद-बी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन वर्षीय मासूम प्रिया साहू की कब्र के साथ छेड़छाड़ कर उसका सिर गायब कर दिया गया है। घटना स्थल पर तंत्र-मंत्र की सामग्री मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी और भारी आक्रोश व्याप्त है।

क्या है पूरा मामला?

ग्राम माहुद-बी निवासी जितेंद्र साहू की तीन वर्षीय पुत्री प्रिया साहू की मृत्यु 9 अक्टूबर 2025 को हुई थी। परिजनों ने रीति-रिवाजों के अनुसार बच्ची के शव को मुक्तिधाम मार्ग के पास दफनाया था। रविवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने दफन स्थल को खुदा हुआ और अस्त-व्यस्त देखा।

मौके पर मिलीं संदिग्ध वस्तुएं

दफन स्थल के पास मिली सामग्रियों ने ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। मौके पर पुलिस को कटा हुआ नींबू और मिट्टी के दीये, चावल, अगरबत्ती और मांस का टुकड़ा बरामद हुआ। इन साक्ष्यों को देखकर प्रथम दृष्टया मामला तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।


प्रशासन की मौजूदगी में हुई खुदाई

सूचना मिलते ही हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू दल-बल के साथ पहुंचे। मृत बच्ची के पिता की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम प्रतिमा ठाकरे से अनुमति ली गई। दोपहर करीब 1:45 बजे अतिरिक्त तहसीलदार हेमंत पैकरा और राजस्व अमले की मौजूदगी में खुदाई शुरू की गई। लगभग चार फीट खुदाई के बाद जब बच्ची का कंकाल बाहर निकाला गया, तो उसका सिर गायब था। यह देख वहां मौजूद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच

पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।बीएनएस (BNS) की धारा 301 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। कंकाल को गुंडरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है, जिसे विस्तृत वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। पुलिस तंत्र-मंत्र करने वाले संदिग्धों और इलाके के ओझा-गुनिया पर नजर रख रही है।


    घटना के बाद से माहुद-बी के ग्रामीणों में डर का माहौल है। इस अमानवीय कृत्य के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को गांव स्तर पर एक बड़ी बैठक बुलाई है, जिसमें घटना की निंदा और सुरक्षा को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

    अधिकारियों का कहना है “मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”


    Related Posts

    1 of 179