Trendingदेशबड़ी खबर

शिवगंगा में दो सरकारी बसों की भयानक टक्कर, 11 की मौत, 20 यात्री घायल

नई दिल्ली। तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तिरुपत्तूर इलाके में पिल्लैयारपट्टी से करीब 5 किलोमीटर दूर दो सरकारी बसें आमने-सामने इतनी जोरदार टकराईं कि मौके पर ही 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, एक बस तिरुप्पुर से कराईकुडी की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस कराईकुडी से डिंडीगुल जिले की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार और संभवतः ड्राइवर की लापरवाही के चलते दोनों बसें सीधी टक्कर में आ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बस का ड्राइवर साइड वाला पूरा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस का आगे का विंडशील्ड उड़ गया।

मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 20 यात्री घायल हैं। स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों की मदद से कई लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया।

हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें सड़क किनारे एक लाइन में शव पड़े दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में एक महिला बस के आगे से कूदकर अपनी जान बचाती नजर आ रही है। एक अन्य तस्वीर में एक घायल महिला सड़क पर बैठी है, जिसके माथे से खून बह रहा है।

पुलिस ने दोनों बसों के ड्राइवरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग की कोशिश को मुख्य वजह बताया जा रहा है।मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को उचित मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।

Related Posts

1 of 242