रायपुर के काली माता वार्ड से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान अभद्रता और मारपीट का एक और मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ गाली-गलौज करते और हाथापाई पर उतरते दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला ने बीएलओ से घर पर आकर एसआईआर फॉर्म उपलब्ध कराने की मांग की थी। जब निर्धारित समय पर फॉर्म नहीं मिला, तो महिला नाराज हो गई और पहले झगड़ा किया, फिर हाथापाई शुरू कर दी। बीएलओ ने किसी तरह वहां से निकलकर स्थिति को संभाला।
वार्डवासियों ने महिला के व्यवहार की कड़ी निंदा की है। लोगों का कहना है कि अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं, ऐसे में उनके साथ बदसलूकी नहीं की जानी चाहिए। हालांकि इस घटना को लेकर अभी तक न तो बीएलओ और न ही प्रशासन की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले रायपुर के महंत लक्ष्मी नारायण वार्ड में भी एक बीएलओ ने भाजपा पार्षद पर धमकी देने का आरोप लगाया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएँ अभियान के सुचारू संचालन पर सवाल खड़े कर रही हैं।लगातार हो रही मारपीट और धमकाने की घटनाओं पर प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो यह घटनाएँ अधिकारियों के मनोबल को प्रभावित कर सकती हैं।










