बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोड़ी में एक कथित ‘लव जिहाद’ का मामला गरमाता जा रहा है। एक स्थानीय हिंदू युवती के लापता होने और गांव के ही मुस्लिम युवक शाहिद अफरीदी द्वारा उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का घेराव किया।
परिजनों का छलका दर्द: कैमरे के सामने रो पड़े दादा
मामला 5 मई का है, जब गांव की 25 वर्षीय युवती अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों का आरोप है कि गांव में पंचर की दुकान चलाने वाला शाहिद अफरीदी उसे अपने जाल में फंसाकर ले गया है। न्याय की आस में एसएसपी कार्यालय पहुंचे युवती के दादा INH 24 के कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने बताया कि किस तरह आरोपी का परिवार 10 साल पहले बिहार से यहाँ आकर बसा था और अब उनकी अस्मत पर हाथ डाला है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों और ग्रामीणों में रतनपुर पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि घटना के तुरंत बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने युवती की तलाश में कोई गंभीरता नहीं दिखाई। ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी के परिजनों को उनकी लोकेशन पता है, लेकिन पुलिस उनसे सख्ती से पूछताछ नहीं कर रही है।
एसएसपी ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा
मामले की संवेदनशीलता और ग्रामीणों की भीड़ को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा:
“पुलिस की टीमें लगातार पतासाजी में जुटी हुई हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है और बहुत जल्द इस मामले में ठोस परिणाम (डेवलपमेंट) देखने को मिलेगा।”
गांव में तनाव का माहौल
इस घटना के बाद से ग्राम पोड़ी और रतनपुर क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही युवती की सुरक्षित वापसी और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।







