कोरबा। जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां कोयले से भरे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक बाइक पर सवार होकर दीपका स्थित एक निजी कंपनी में काम पर जा रहे थे। इसी दौरान कोयले से भरे एक ट्रेलर वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें भरा कोयला सड़क पर बिखर गया। हादसे के दौरान बाइक समेत तीनों युवक ट्रेलर के नीचे दब गए। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों युवकों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है-
- बृजपाल सिंह कंवर (23 वर्ष)
- मंगल सिंह (25 वर्ष), पिता सुकनाथ
- ओमप्रकाश, पिता मंगल सिंह
तीनों पाली (पोटापानी) क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है।







