Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

कोरबा में चोरों की हैरतअंगेज वारदात, नहर के ऊपर बना 60 फीट लंबा लोहे का पुल चोरी

कोरबा। ऊर्जाधानी के नाम से पहचाने जाने वाले कोरबा जिले में एक बार फिर अपराध ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोयला और बिजली उत्पादन में रिकॉर्ड बनाने वाला यह शहर अवैध कोयला, डीजल और कबाड़ चोरी के मामलों को लेकर पहले ही बदनाम रहा है। पुलिस जहां अपराध पर लगाम लगाने के दावे कर रही है, वहीं शहर के बीचों-बीच से पूरे लोहे के पुल की चोरी ने सभी को हैरान कर दिया है।

मामला वार्ड नंबर 17 ढोढ़ीपारा, रशियन हॉस्टल के समीप का है, जहां नहर के ऊपर दशकों पहले सिंचाई विभाग द्वारा बनाया गया लोहे का पुल रातों-रात गायब हो गया। यह पुल आम लोगों के आवागमन के लिए इस्तेमाल होता था। बदमाशों ने गैस कटर की मदद से पुल को काटा और कई टुकड़ों में बांटकर मौके से ले गए।

10–15 टन वजनी पुल चोरी

चोरी किया गया पुल करीब 60 फीट लंबा था और इसका वजन 10 से 15 टन के बीच बताया जा रहा है। अवैध बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने भारी पुल को चोरी करना बिना किसी बड़े गिरोह की मदद के संभव नहीं है।

पाइपलाइन ब्रिज से भी चोरी

सिर्फ यही नहीं, रशियन हॉस्टल के पास ढेंगुरनाला पर नगर पालिका निगम द्वारा जल आवर्धन योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन के लिए बनाए गए लोहे के पुल से भी 10 से 15 फीट तक लोहे के एंगल काटकर चोरी कर लिए गए हैं। इस पाइपलाइन के जरिए शहर में पानी की आपूर्ति होती है, ऐसे में इस चोरी से जल व्यवस्था पर भी खतरा मंडरा रहा है।

लोग परेशान, पुलिस पर सवाल

पुल के चोरी हो जाने से मोहल्ले के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अब काफी घूमकर दूसरी ओर जाना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों में गुस्सा है और पुलिस की रात्रि गश्त तथा सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पार्षद ने की शिकायत

स्थानीय पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार ऐसी चोरी देखी है, जहां पूरा का पूरा पुल ही गायब कर दिया गया। पार्षद के अनुसार मामला कलेक्टर के संज्ञान में भी लाया गया है और जल्द एसपी से भी शिकायत की जाएगी।

पुलिस का बयान

कोरबा शहर के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पार्षद के माध्यम से पुल चोरी की शिकायत मिली है। यह एक पुराना और छोटा ब्रिज था। शिकायत के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Related Posts

सृजन, कौशल और श्रम के सम्मान का संदेश देती है भगवान विश्वकर्मा की आराधना: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर 17 सितम्बर 2026 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज भगवान विश्वकर्मा जयंती के…

सड़क किनारे पसरे पर अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मीरा के पसरे से खरीदा ‘आशीर्वाद का दीया’

तेलीबांधा मरीन ड्राइव में मिट्टी के दीये बेच रही मीरा से मुख्यमंत्री ने की…

पुलिस वाहन से सामान चोरी का वीडियो वायरल, टीआई बोलीं- ‘डायरी निकाली थी, चोरी जैसी कोई बात नहीं’

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आजाद चौक इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया…

1 of 468