भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट और पथराव का रूप ले लिया, जिसमें पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है।
बच्चों की बहस से बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोनकर मोहल्ले में रहने वाले दो पक्षों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए और कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गई।
मारपीट और पथराव, पुलिस भी चपेट में
दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई और एक-दूसरे पर पत्थर फेंके गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पथराव में छावनी CSP समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अलग-अलग मोहल्लों में लगातार गश्त की जा रही है। हालात संभालने के लिए दुर्ग, भिलाई और छावनी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, साथ ही एडिशनल एसपी सिटी और ग्रामीण भी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे।
थाने का घेराव, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद कुछ हिंदू संगठनों के लोगों ने छावनी थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
लव अफेयर एंगल भी आया सामने
मामले में एक नया एंगल भी सामने आया है। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ दिन पहले मोहल्ले का एक युवक एक युवती को लेकर भाग गया था। बाद में दोनों को वापस बुलाया गया और युवक को जेल भेजा गया। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के चलते यह विवाद हुआ।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
पुलिस के अनुसार, फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










